
जबलपुर। जिला अस्पताल विक्टोरिया में भी अब एमआरआई कराने की सुविधा मिलना प्रारंभ हो गई है। जबलपुर जिला अस्पताल प्रदेश का चौथा जिला अस्पताल है, जहां यह जनहितैषी एमआरआई सुविधा बहुत ही कम दामों में उपलब्ध होगी, जबकि आयुष्मान कार्ड धारकों को यह सुविधा निःशुल्क प्राप्त होगी। आज 27 जुलाई 2026 को शासकीय सेठ गोविंददास जिला चिकित्सालय में भव्य गरिमामयी लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर मध्य प्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह उपस्थित थे। साथ ही कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर मध्य विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर कैंट विधायक अशोक रोहाणी, बरगी विधायक नीरज सिंह तथा नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।
दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ
सर्वप्रथम कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उसके उपरांत लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह एवं उत्तर मध्य विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने नव निर्मित एमआरआई केंद्र पहुंचकर फीता काटकर शुभारंभ किया और आमजनता को समर्पित किया।
जबलपुर के लिए बड़ी सौगात
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जिला अस्पताल तक एमआरआई की सुविधा मिलना बहुत बड़ी बात होती है और यह सौगात जबलपुर को मिली है। इसके लिए मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में निरंतर एक के बाद एक नई सौगातें आमजन को दे रही है।
आज से जरूरतमंद लोगों को बहुत ही कम दामों पर एमआरआई की सुविधा प्राप्त होगी, जबकि आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए यह बिल्कुल निःशुल्क होगी। सेठ गोविंददास जिला चिकित्सालय शहर के हृदय स्थल में स्थित है, जिससे आसपास के क्षेत्रों के रोगियों को इसका लाभ मिलेगा। यहां बहुत अच्छे डॉक्टर हैं, जो अच्छी सेवाएं दे रहे हैं और स्टाफ भी अच्छा कार्य कर रहा है। मैं इसके लिए जबलपुर की जनता को शुभकामनाएं देता हूं।
वहीं अपने अध्यक्षीय भाषण में विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने बताया कि लगभग 7.5 करोड़ रुपये की लागत से यह एमआरआई मशीन संस्था कृष्णा डायग्नोस्टिक्स की मदद से लगाई गई है, जो निश्चित रूप से जबलपुर के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में निरंतर उल्लेखनीय वृद्धि कर रही है, जिससे आमजन को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हों।
33 प्रतिशत सस्ती दरों पर मिलेगी सुविधा
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने अपने स्वागतीय उद्बोधन में सभी मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया और बताया कि जबलपुर जिला प्रदेश के उन चार प्रमुख महानगरों में शामिल हो गया है, जहां जिला चिकित्सालय में एमआरआई की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रदेश शासन ने प्रथम चरण में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर का चयन किया है। जबलपुर की जनता के लिए यह निःसंदेह बड़ी सौगात होगी, क्योंकि यहां कृष्णा डायग्नोस्टिक्स की ओर से बहुत ही कम रियायती दरों में यह सेवा मिलेगी। सीजीएचएस से भी 33 प्रतिशत सस्ती दरों पर एमआरआई की सुविधा जनता को मिलेगी।
ये रहे उपस्थित
मंच पर संयुक्त कलेक्टर सृष्टि प्रजापति, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी, वरिष्ठ मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. रत्नेश कुरारिया, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीता उप्पल, डॉ. जया श्रीवास्तव, डॉ. नीता पाराशर, अस्पताल प्रबंधक अरुण शाह उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने सभी गणमान्य अतिथियों एवं उपस्थित जनसामान्य का कार्यक्रम में पधारने तथा सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।
मंच का संचालन जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील ने किया। कार्यक्रम में चंद्रप्रकाश सिंह (चीफ फाइनेंशियल कोऑर्डिनेट), समीर कदम (स्टेट हेड), रतन सिंह रानावत (स्टेट सीईओ), विक्रम पटेल (एमआरआई मैनेजर), जिला चिकित्सालय के चिकित्सकगण एवं स्टाफ के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीयजन उपस्थित रहे।