दोस्‍तों के साथ व्यारमा नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, गैसाबाद क्षेत्र में शोक

हटा (दमोह)। दमोह जिले के गैसाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जलखण्डी के पास व्यारमा नदी में दोस्तों के साथ नहाने गए एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दोस्तों के साथ नहाने गया था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सक्षम जैन पिता चक्रेश जैन के रूप में हुई है। गुरुवार दोपहर वह अपने दोस्तों के साथ जलखण्डी के पास व्यारमा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल उसे नदी से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल, हटा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद सक्षम जैन को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

क्षेत्र में शोक की लहर

युवा की असमय मौत से गैसाबाद एवं आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए नदी और अन्य जलाशयों में नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

रिपोर्ट: जिमी नगरिया

Back to top button