सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी पहल, जबलपुर में वाहन चालकों की आंखों का हुआ परीक्षण

आरटीओ कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित हुआ नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर

जबलपुर। सड़क पर वाहन चलाने वाले चालकों के लिए बेहतर दृष्टि बेहद महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से शनिवार को क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय जबलपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कार्यालय पहुंचे ऑटो चालकों के साथ बसों के चालक एवं परिचालकों की भी आंखों की जांच की गई।

वाहन चालकों की आंखों की हुई जांच

नेत्र जांच के दौरान चिकित्सकों ने वाहन चालकों की दृष्टि से जुड़ी समस्याओं की जांच की और आवश्यकता के अनुसार उन्हें उपचार एवं सावधानियों संबंधी परामर्श दिया। इस दौरान चालकों को बताया गया कि नजर कमजोर होने या आंखों से संबंधित किसी परेशानी को नजरअंदाज करना सड़क सुरक्षा के लिए जोखिम बढ़ा सकता है।

नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति किया जागरूक

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रिंकू शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर का उद्देश्य वाहन चालकों को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना भी रहा। चिकित्सा टीम ने चालकों को समय-समय पर आंखों की जांच कराने, लंबे समय तक वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और दृष्टि संबंधी परेशानी होने पर विशेषज्ञ से सलाह लेने की जानकारी दी।

चिकित्सा टीम सहित अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रिंकू शर्मा, लेखा अधिकारी रविन्द्र चौधरी, दादा वीरेन्द्रपुरी नेत्र संस्थान की चिकित्सा टीम सहित परिवहन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर के दौरान वाहन चालकों को आंखों की सुरक्षा एवं देखभाल से जुड़े जरूरी सुझाव भी दिए गए।