
जबलपुर। युवाओं को भारतीय संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल, जबलपुर महानगर द्वारा शनिवार को सदर स्थित जेके सेलिब्रेशन में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं की भूमिका, सेवा कार्य, सामाजिक समरसता और नेतृत्व क्षमता जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
युवा शक्ति की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वक्ता बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश के विकास और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए युवा शक्ति की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा और क्षमता का उपयोग समाजहित के कार्यों में करते हुए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभानी चाहिए।
संस्कृति, सामाजिक एकता और सेवा पर संवाद
संवाद के दौरान वक्ताओं ने भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं, राष्ट्रभाव, सामाजिक एकता, सेवा और संस्कारों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। युवाओं से सामाजिक गतिविधियों में आगे बढ़कर योगदान देने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने की अपील की गई।
एकजुटता और सामूहिक प्रयासों का दिया संदेश
कार्यक्रम में ‘संगच्छध्वं संवदध्वं सं वो मनांसि जानताम्’ के भाव के माध्यम से आपसी एकजुटता, संवाद और सामूहिक प्रयासों का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें समाजसेवा से जोड़ने के लिए इस तरह के संवाद उपयोगी हैं।
युवाओं ने जिम्मेदारी निभाने का लिया संकल्प
इस अवसर पर युवाओं ने समाज और सेवा के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी निभाने के प्रति संकल्प व्यक्त किया। मंच पर बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत के अलावा तरस्वी उपाध्याय, सुनील भागचंदानी, प्रदीप गुप्ता और महेंद्र सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की।