जबलपुर में सुधार के बाद भी जलसंकट बरकरार, आधे शहर में पानी की परेशानी

जबलपुर। रमनगरा जलशोधन संयंत्र की मेन राइजिंग लाइन में सुधार कार्य के चलते शहर के बड़े हिस्से में पिछले एक सप्ताह से पेयजल संकट बना हुआ है। लाइन की मरम्मत पूरी होने के बाद जलापूर्ति सामान्य होने की उम्मीद थी, लेकिन अब कई इलाकों में नई समस्या सामने आ गई है। कुछ क्षेत्रों में वॉल्व से पानी का रिसाव होने के कारण सप्लाई प्रभावित हो रही है।

जानकारी के अनुसार, रमनगरा प्लांट से जुड़े इलाकों में बीते दिनों पाइपलाइन सुधार का काम किया गया था। इसके चलते शहर के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति बाधित रही। सुधार कार्य पूरा होने के बाद सप्लाई शुरू हुई, लेकिन कुछ स्थानों पर अब भी पर्याप्त दबाव के साथ पानी नहीं पहुंच रहा है।

कई क्षेत्रों में पानी के लिए परेशान रहवासी

राइट टाउन, रामेश्वरम, मनमोहन नगर, लक्ष्मीपुर, कोतवाली, गोतीनाला, आनंद नगर, लेमा गार्डन, सर्वोदय नगर, मदर टेरेसा कॉलोनी, मिलौनीगंज, कृष्णा कॉलोनी, शास्त्री नगर सहित कई क्षेत्रों के रहवासियों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। कई परिवारों को जरूरत पूरी करने के लिए निजी साधनों या आसपास के क्षेत्रों से पानी जुटाना पड़ रहा है।

बिजली गुल होने से भी प्रभावित हो रही सप्लाई

स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली गुल होने के कारण भी जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है। बिजली बंद होने पर पंपिंग रुक जाती है, जिससे निर्धारित समय पर पानी नहीं मिल पाता। दूसरी ओर, टैंकरों से भी पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

कांग्रेस पार्षदों ने व्यवस्था पर उठाए सवाल

कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन की जलापूर्ति व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सुधार कार्य के बाद भी लोगों की परेशानी खत्म नहीं हुई है। उनका आरोप है कि कई क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से नियमित पानी नहीं पहुंच रहा है।

तकनीकी समस्या दूर करने में जुटा जल विभाग

इधर, जल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कुछ स्थानों पर तकनीकी समस्या के कारण सप्लाई प्रभावित हुई है। टीम समस्या दूर करने में जुटी है और प्रभावित क्षेत्रों में जल्द नियमित जलापूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।