जबलपुर में बिजली कटौती के चलते 1 अक्‍टूबर की शाम इन क्षेत्रों में पानी की सप्लाई रहेगी प्रभावित

रमनगरा के 120 एमएलडी जलशोधन संयंत्र से शाम की जलापूर्ति प्रभावित होने की संभावना

जबलपुर। शहर में बिजली विभाग के प्रस्तावित संधारण कार्य का असर 1 अक्टूबर की शाम की जलापूर्ति पर पड़ेगा। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा 1 अक्टूबर को अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी। इसके कारण रमनगरा स्थित 120 एमएलडी जलशोधन संयंत्र से होने वाली शाम की जलापूर्ति प्रभावित होने की संभावना है।

जरूरत के मुताबिक टैंकरों से उपलब्ध कराया जाएगा पानी

नगर निगम के कार्यपालन यंत्री जल कमलेश श्रीवास्तव के अनुसार, प्रभावित इलाकों में जरूरत के मुताबिक टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे शाम की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए पहले से पर्याप्त पानी सुरक्षित रख लें।

इन क्षेत्रों में प्रभावित होगी जलापूर्ति

बिजली आपूर्ति बाधित होने का प्रभाव बिडला धर्मशाला, मेडिकल, त्रिपुरी, गुलौआ, राइट टाउन, रामेश्वरम, मनमोहन नगर, लक्ष्मीपुर, कोतवाली, मोतीनाला, आनंद नगर, लेमा गार्डन, सर्वोदय नगर, मदर टैरेसा, बेदी नगर, मिल्क स्कीम, किलकारी गार्डन, न्यू शोभापुर, निर्मलचंद जैन वार्ड और राजीव नगर बाबा की कुटिया क्षेत्र की उच्चस्तरीय टंकियों से जुड़े इलाकों पर पड़ेगा।

अमृत योजना की टंकियों से जुड़े क्षेत्र भी प्रभावित

इसके अलावा अमृत योजना की कोंगवा, करमेता, शिवनगर, अमखेरा, रवीन्द्र नगर, सुहागी, खैरी और देवताल स्थित टंकियों से जुड़े क्षेत्रों में भी शाम के समय पानी की आपूर्ति प्रभावित रह सकती है।

संधारण कार्य पूरा होने के बाद सामान्य होगी व्यवस्था

नगर निगम के मुताबिक बिजली का संधारण कार्य पूरा होने के बाद जलापूर्ति व्यवस्था को सामान्य कर दिया जाएगा। इस दौरान आवश्यकता वाले क्षेत्रों में टैंकरों से पानी पहुंचाने की व्यवस्था जारी रहेगी।