स्वच्छ परिसर के लिए पावर मैनेजमेंट कंपनी के अफसर-कर्मचारी उतरे मैदान में, सफाई मित्रों की भी जांच

जबलपुर: स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के मुख्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान किया। ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत आयोजित इस गतिविधि में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के जरिए कार्यालय परिसर के अलग-अलग हिस्सों में साफ-सफाई की गई।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया श्रमदान

हॉस्टल बिल्डिंग के समीप हुए आयोजन में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में अभियंता, पुरुष एवं महिला कर्मचारी तथा अन्य कार्मिक मौजूद रहे। इस दौरान कार्यस्थल पर स्वच्छता बनाए रखने के साथ आसपास के वातावरण को साफ रखने का संदेश दिया गया।

कंपनी के कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन एवं प्रशासन फिरोज कुमार मेश्राम ने कहा कि साफ-सफाई केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसे रोजमर्रा के कार्य व्यवहार का हिस्सा बनाकर ही स्थायी परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल को स्वच्छ और सुरक्षित रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच

अभियान में स्वच्छता का काम करने वाले सफाई मित्रों की सेहत को भी प्राथमिकता दी गई। कंपनी चिकित्सालय की टीम ने सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। चिकित्सकों ने उन्हें सफाई कार्य के दौरान स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़ी सावधानियां बरतने की जानकारी दी।

सुरक्षा सामग्री भी प्रदान की

इसके अलावा कंपनी प्रबंधन ने सफाई मित्रों को ग्लव्स और अन्य जरूरी सुरक्षा सामग्री प्रदान की। अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान के साथ परिसर को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्वच्छता के साथ कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सामूहिक सहभागिता पर विशेष जोर रहा।