
जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर के नेत्र रोग विभाग द्वारा दो दृष्टिबाधित मरीजों का सफलतापूर्वक नेत्र प्रत्यारोपण किया गया। शोक की घड़ी में डोनर परिवार द्वारा लिए गए इस मानवीय निर्णय को डॉक्टरों की टीम ने पूरी संवेदनशीलता और चिकित्सकीय कुशलता के साथ अंजाम दिया।
यह प्रत्यारोपण मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना एवं अधीक्षक डॉ. अरविंद शर्मा के मार्गदर्शन तथा नेत्र रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. पद्मिनी वरखेड़े और डॉ. यू.पी. दीपांकर के कुशल नेतृत्व में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा पूरी तत्परता और आधुनिक तकनीकी सटीकता के साथ सफल बनाया गया।
नेत्रदान से दो मरीजों को मिला लाभ
नेत्र ज्योति मिशन, बरेला की प्रेरणा से स्व. राधा बाई रजक के परिवार ने नेत्रदान का प्रेरक निर्णय लिया। इस मानवीय पहल के लिए नेत्र रोग विभाग की टीम ने परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
नेत्रदान का यह निर्णय जरूरतमंद मरीजों के जीवन में उजाला लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शोक की घड़ी में लिया गया परिवार का यह फैसला दूसरों के जीवन में आशा और नई रोशनी का माध्यम बना।