
पन्ना। छोटे से जिले पन्ना के लिए यह गौरव और उपलब्धि की बात है कि यहां से शुरू हुई खाद्य उत्पाद निर्माता कंपनी नैनास किचेन प्रा.लि. को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। कंपनी का चयन नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2026 के अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार के स्टार्टअप पवेलियन में अपने ब्रांड्स और उत्पादों के प्रदर्शन के लिए किया गया है।
इस आयोजन में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, उद्योग विभाग तथा स्टार्टअप मध्यप्रदेश के सहयोग से कंपनी को यह अवसर मिला है। इस दौरान नैनास किचेन अपने नवाचार आधारित खाद्य उत्पादों की श्रृंखला राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगी। इनमें आंवला एवं शहद से तैयार स्प्रेड्स, गार्लिक हनी सहित अन्य विशिष्ट खाद्य उत्पाद शामिल हैं।
स्थानीय संसाधनों को नए स्वरूप में बाजार तक पहुंचाने की पहल
पन्ना से शुरू हुई कंपनी की इस यात्रा में कंपनी के डायरेक्टर राजकमल शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका है। कंपनी स्थानीय खाद्य संसाधनों को नए स्वरूप में बाजार तक पहुंचाने, उत्पादों में नवाचार को बढ़ावा देने और महिला सहभागिता के माध्यम से उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य कर रही है। कंपनी के दोनों ब्रांड्स के माध्यम से न केवल उत्पादों की विशेषताएं प्रदर्शित की जाएंगी, बल्कि पन्ना में शुरू हुए इस उद्यम के सफर और उसके प्रयासों को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
स्थानीय युवाओं और नए उद्यमियों के लिए प्रेरणा
गौरतलब है कि पन्ना जैसे छोटे जिले की एक स्थानीय कंपनी का राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित व्यापार मेले में मध्यप्रदेश सरकार के स्टार्टअप पवेलियन के लिए चयनित होना जिले के युवाओं और नए उद्यम शुरू करने की सोच रखने वाले लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है। यह उपलब्धि बताती है कि स्थानीय स्तर पर किए गए नवाचार और मेहनत के दम पर छोटे शहरों से भी बड़े अवसरों तक पहुंच बनाई जा सकती है।
कंपनी ने मेले में पहुंचने वाले आगंतुकों, खरीदारों, वितरकों और व्यापारिक सहयोगियों से स्टार्टअप पवेलियन में पहुंचकर अपने दोनों ब्रांड्स के उत्पादों का अवलोकन करने तथा कंपनी की उद्यमशीलता की यात्रा से जुड़ने की अपील की है।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा