
पवई (पन्ना)। क्रांतिकारी जननायक और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पवई क्षेत्र में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के युवाओं, बुजुर्गों और मातृशक्ति ने मिलकर भव्य रैली निकाली। रैली करही से शुरू होकर मिलोनीगंज होते हुए अंबेडकर भवन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरी रैली शांतिपूर्ण, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज के इतिहास, संस्कृति, जल-जंगल-जमीन के अधिकारों और भगवान बिरसा मुंडा के जीवन दर्शन पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज के लोगों से अपनी समृद्ध संस्कृति को सहेजने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज हमेशा से प्रकृति का रक्षक और देश की स्वाधीनता के संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला समाज रहा है।

शिक्षा, संगठन और एकजुटता पर दिया जोर
अध्यक्षीय उद्बोधन में समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए तीन सूत्रों—शिक्षा, संगठन और एकजुटता—पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जब तक समाज शिक्षित नहीं होगा और संगठित होकर एकजुटता का परिचय नहीं देगा, तब तक सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। युवाओं को उच्च शिक्षा ग्रहण करने, कुरीतियों को त्यागने और आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि भगवान बिरसा मुंडा के सपनों के अनुरूप सशक्त समाज का निर्माण हो सके।
जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति
इस आयोजन में जिला पंचायत सदस्य वार्ड क्रमांक 11 पन्ना के रामकुमार चौधरी, मुख्य अतिथि के रूप में जय आदिवासी युवा शक्ति (JAYS) के अध्यक्ष मुकेश कुमार गोंड, विशिष्ट अतिथि रामपाल सिंह गोड़ीला एवं खमरिया सरपंच अजय बुंदेला सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: रवि शंकर सोनी