एमपी ट्रांसको ने ऊर्जीकृत किया प्रदेश का 800वां 132 केवी पावर ट्रांसफार्मर

रामपुर बाघेलान सबस्टेशन में 50 एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित, प्रदेश की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 85,758 एमवीए हुई

जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने अपनी पारेषण क्षमता में वृद्धि करते हुए सतना जिले के 132 केवी सबस्टेशन रामपुर बाघेलान में 50 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया है। इसके साथ ही एमपी ट्रांसको के नेटवर्क में 132 केवी वोल्टेज स्तर का प्रदेश का 800वां पावर ट्रांसफार्मर शामिल हो गया है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि पर एमपी ट्रांसको के अधिकारियों एवं कार्मिकों को बधाई दी है।

रबी सीजन में क्षेत्र को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने बताया कि रामपुर बाघेलान सबस्टेशन में पहले से दो पावर ट्रांसफार्मर क्रियाशील थे। पिछले रबी सीजन में सिंचाई के लिए विद्युत मांग एवं लोड में वृद्धि के कारण यहां अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर की आवश्यकता महसूस की गई। इसके मद्देनजर लगभग 7.18 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 50 एमवीए क्षमता का तीसरा पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया गया है।

इससे क्षेत्र में बढ़ती विद्युत मांग की पूर्ति में मदद मिलेगी तथा उपभोक्ताओं को उचित वोल्टेज पर गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में सुविधा होगी। इस अतिरिक्त ट्रांसफार्मर के स्थापित होने के बाद सबस्टेशन की कुल क्षमता 130 एमवीए हो गई है।

प्रदेश की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता 85,758 एमवीए हुई

एमपी ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता एम.पी. पटेल ने बताया कि इस अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने के साथ ही प्रदेश में एमपी ट्रांसको के क्रियाशील पावर ट्रांसफार्मरों की कुल संख्या बढ़कर 1,061 हो गई है। इनमें 400 केवी स्तर के 41, 220 केवी स्तर के 220 तथा 132 केवी स्तर के 800 पावर ट्रांसफार्मर शामिल हैं।

इन सभी पावर ट्रांसफार्मरों की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता अब बढ़कर 85,758 एमवीए हो गई है।