सिवनी में दो युवकों की निर्मम हत्या से भड़का आक्रोश, वाहनों व शराब दुकान में आगजनी

सिवनी। जिले के केवलारी तहसील मुख्यालय में शुक्रवार देर रात दो युवकों की हत्या हो गई। इसके चलते शनिवार सुबह वहां स्थिति तनावपूर्ण बन गई है। शनिवार सुबह केवलारी मुख्यालय में आक्रोशित भीड़ ने चांदनी चौक में चक्काजाम कर केवलारी थाना परिसर का घेराव कर दिया। इतना ही नहीं आक्रोशित लोगों ने सड़क में कई जगह टायर जलाए और केवलारी की शराब दुकान में भी आग लगा दी। इस आगजनी की चपेट में कुछ वाहनों के भी आने की बात कही जा रही है। युवकों की निर्मम हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे लोगों का कहना है कि केवलारी थाना प्रभारी ब्रजेश उइके को हटाया जाए और हत्या के आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए।
ये है मामला
केवलारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात ग्राम परासपानी निवासी अमन बघेल (20) और रूपक उर्फ रूपेश बघेल(25) पर अज्ञात कारणों से धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को केवलारी अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय सिवनी रेफर कर दिया गया। जहां दोनों की मौत हो गई। युवकों की हत्या की खबर केवलारी क्षेत्र में फैलने के बाद पीड़ित परिवार व ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों की नाराजगी के चलते अमन बघेल का पोस्टमार्टम तो केवलारी में हुआ, जबकि रूपक उर्फ रूपेश बघेल का पीएम सिवनी में कराना पड़ा।

Related Articles

Back to top button