मप्र में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी, जबलपुर, भोपाल, सागर, इंदौर, उज्‍जैन जिलों में अलर्ट 

भोपाल/जबलपुर। प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है और इसके साथ ही झमाझम बारिश का दौर भी शुरू हो गया है। शनिवार शाम को जबलपुर में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश के साथ मानसूनी मौसम की शुरुआत हुई। शुरुआत में मूसलधार बारिश हुई और फिर देर रात तक रुक-रुककर फुहारें गिरती रहीं। इससे मौसम खुशनुमा हो गया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार रविवार से पूरे एक सप्ताह प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और आंधी की स्थिति बनी रहेगी।

The weather in Jabalpur
जबलपुर में शनिवार शाम झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया।

बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक 22 और 23 जून को प्रदेश के अनेक जिलों में मूसलधार बारिश की संभावना है। इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश से प्रभावित होने वाले प्रमुख जिले हैं:
भोपाल, इंदौर, जबलपुर, सागर, होशंगाबाद, उज्जैन, रीवा, शहडोल, ग्वालियर, सिंगरौली, छिंदवाड़ा, बैतूल, मंडला, कटनी, बालाघाट, उमरिया, अनूपपुर, सतना, दमोह और सीधी।

इन दो दिनों में अधिकतम तापमान 28–30 डिग्री सेल्सियस, और न्यूनतम 24–25 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। साथ ही 30–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

सप्ताहभर बनी रहेगी बारिश की स्थिति

मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 जून को प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी जिलों में फिर से भारी बारिश हो सकती है। खासकर शहडोल, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी, डिंडोरी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और जबलपुर में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।

24 जून को अधिकांश जिलों में बारिश में थोड़ी राहत रहेगी, लेकिन बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। 26 व 27 जून को नीमच, मंदसौर, उज्जैन, आगर, देवास, खरगोन, बड़वानी में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में कार्यरत किसान और चरवाहों से सावधानी बरतने को कहा गया है।