
जबलपुर। जबलपुर से 45 किमी दूर खितौला में बैंक से 14 किलो 875 ग्राम सोना और 5 लाख 8 हजार रुपये लूटने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस के अनुसार अभी सोना की रिकवरी बाकी है। घटना स्थल बैंक में अजब बात यह रही कि करोड़ों का सोना रखने के बावजूद वहां सुरक्षा गार्ड नहीं था।
ये था मामला
खितौला में इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में 11 अगस्त को पांच अज्ञात आरोपी अंदर घुसे और कट्टे की नोक पर करीब 14 किलो 875 ग्राम सोना और 5 लाख 8 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने पड़ताल करके इनको रविवार को हिरासत में ले लिया।
ये हैं आरोपी
पुलिस ने बताया कि रहीस लोधी, हेमराज, विकास चक्रवर्ती और सोनू वर्मन को हिरासत में लिया गया है। इन्होंने मिलकर लूट की योजना बनाई थी।
क्या-क्या जब्त हुआ
लूटी गई रकम में से 1 लाख 83 हजार रुपये नकद, एक कट्टा, चार कारतूस, दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल और कुछ अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
पुलिस ने शेष आरोपियों की तलाशी के लिए पांच टीम बनाई हैं। जांच आगे बढ़ रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही बाकी अपराधी भी पकड़ में आ जाएंगे।