
जबलपुर। नवरात्र पर्व के उपरांत दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन करने और कराने की व्यवस्था को लेकर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार लगातार व्यवस्थाओं को ठीक कराने में लगे हुए हैं। प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अब सभी तालाबों और कुण्डों में व्यवस्थाएं चाकचौबंद करा ली गयी है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने हनुमानताल तालाब का अधिकारियों के साथ आज भी निरीक्षण किया और सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किये।
आवश्यक निर्देश दिए
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त श्री अहिरवार ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि दुर्गा समितियों के सदस्यों से तालमेल बिठा कर सुरक्षा और सावधानीपूवर्क सभी संबंधित अधिकारी कर्मचारी प्रतिमाओं के विसर्जन के समय उपस्थित रहेगें तथा विसर्जन कराएंगे। निगमायुक्त ने अन्य विसर्जन कुण्डों पर की जा रही व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को सावधानी और सुरक्षा के साथ विधिपूर्वक प्रतिमाओं का विसर्जन कराने के निर्देश दिये। निगमायुक्त ने निरीक्षण के मौके पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था के अतिरिक्त सावधानी और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी निर्देश दिये और इसके लिए अलग से नामजद अधिकारियों कर्मचारियों की डयूटी लगाई गयी।
ये थे उपस्थित
इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रशांत गोटिया, कार्यपालन यंत्री शैलेन्द्र मिश्रा, संभागीय यंत्री पवन सिंह ठाकुर, संभागीय अधिकारी महेन्द्र उईके, सहायक यंत्री अजय लवाना, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी पोलाराव, जल उपयंत्री गुलाब इन्वाती आदि उपस्थित रहे।