एआईओसीडी ने नशीली खांसी की सिरप के अवैध व्यापार की निंदा की

नई दिल्ली। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD), जो देशभर के 12.40 लाख से अधिक केमिस्टों का प्रतिनिधित्व करता है, ने हाल ही में कुछ राज्यों में नशीली खांसी की सिरप और अन्य मादक दवाओं के अवैध व्यापार से जुड़ी घटनाओं की कड़ी निंदा की है।

एआईओसीडी के अध्यक्ष जे. एस. शिंदे और महासचिव राजीव सिंघल द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि ऐसे आपराधिक और अनैतिक कृत्य पूरे दवा व्यापार समुदाय की साख को नुकसान पहुँचाते हैं। AIOCD स्पष्ट रूप से ऐसे किसी भी व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध है जो नशीली दवाओं के अवैध व्यापार में शामिल पाई जाती है। दोषियों के विरुद्ध बिना किसी नरमी के कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ऐसा एआईओसीडी के बयान में कहा गया है।

संगठन ने सभी राज्य, जिला एवं समस्त तहसील और अन्य संगठनों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहें और नशीली या कोडीन आधारित दवाओं की खरीद-बिक्री से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और ड्रग कंट्रोल अधिकारियों को दें।

एआईओसीडी ने सभी केमिस्ट्स और ड्रगिस्ट्स को यह सलाह दी है कि वे —

  1. खांसी की सिरप या कोडीन आधारित दवाओं की खरीद केवल सीमित और वैध मात्रा में करें।
  2. खरीद-बिक्री का पूरा और सही रिकॉर्ड रखें।
  3. यदि कोई ग्राहक या डिस्ट्रीब्यूटर असामान्य रूप से बड़ी मात्रा में ऐसी दवा मांगे तो तुरंत सूचना दें।
  4. किसी भी अधिकारी द्वारा जांच के दौरान पूरी पारदर्शिता से सहयोग करें।

एआईओसीडी ने भारत सरकार के एक युद्ध नशा के विरुद्ध अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है और वादा किया है कि संगठन देश के युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने एवं एक स्वस्थ, जिम्मेदार और नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

 

Back to top button