भारत अमेरिका ट्रेड डील: अमेरिका ने भारत पर टैरिफ घटाया, अब 18% टैरिफ

भारत-अमेरिका के बीच बड़ी ट्रेड डील

भारत और अमेरिका के बीच एक अहम ट्रेड डील संपन्न हो गई है। इस समझौते के तहत अमेरिका ने भारत पर लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से टेलीफोन पर बातचीत के बाद इस डील की घोषणा की।

सोशल मीडिया पर ट्रंप ने की घोषणा

राष्ट्रपति ट्रंप ने रात करीब 10:30 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस ट्रेड डील की जानकारी साझा की। उन्होंने दावा किया कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा और वेनेजुएला से तेल खरीदने की संभावना पर सहमति बनी है। हालांकि, ट्रंप के इस दावे पर भारत सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

मोदी-ट्रंप ने की एक-दूसरे की प्रशंसा

डील के बाद दोनों नेताओं ने एक-दूसरे की सराहना की। डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान रूस-यूक्रेन युद्ध सहित कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई।

ट्रंप के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने रूस से तेल की खरीद कम करने पर सहमति जताई है और भारत अब अमेरिका से अधिक तेल खरीदेगा। इसके साथ ही वेनेजुएला से तेल खरीदने के विकल्प पर भी चर्चा की गई।

टैरिफ घटाने को बताया मित्रता का परिणाम

अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी मित्रता और सम्मान के कारण तथा उनके अनुरोध पर भारत के साथ व्यापार समझौते पर सहमति बनी है। इसके तहत भारत और अमेरिका के बीच रेसिप्रोकल टैरिफ 25 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी का बयान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि प्रिय मित्र डोनाल्ड ट्रंप से बात करके उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि अब मेड इन इंडिया उत्पादों पर अमेरिका में टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत हो जाएगा।

प्रधानमंत्री ने इस फैसले के लिए भारत की 140 करोड़ जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र मिलकर काम करते हैं, तो इससे दोनों देशों के नागरिकों को लाभ होता है और सहयोग के नए अवसर खुलते हैं।

फैक्ट फाइल: अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ की समयरेखा

2 अप्रैल 2025 – 10 प्रतिशत टैरिफ लगाया गया।
5 अप्रैल 2025 – टैरिफ बढ़ाकर 26 प्रतिशत किया गया।
9 अप्रैल 2025 – 90 दिनों के लिए टैरिफ हटाने का ऐलान।
31 जुलाई 2025 – 25 प्रतिशत रेसिप्रोकल टैरिफ लगाने की घोषणा।
1 अगस्त 2025 – 25 प्रतिशत रेसिप्रोकल टैरिफ लागू।
6 अगस्त 2025 – रूस से तेल खरीदने पर भारत पर 25 प्रतिशत पेनाल्टी के रूप में अतिरिक्त टैरिफ की घोषणा।
27 अगस्त 2025 – भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लागू।
2 फरवरी 2025 – भारत पर रेसिप्रोकल टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत किया गया।

Back to top button