ये है महाभ्रष्‍टाचार – ओवरब्रिज (आरओबी) बनाने में लगा दिए करोड़ों रुपए, क्‍वालिटी ऐसी कि ढह गया एक हिस्‍सा, दो पर एफआइआर

जबलपुर। जबलपुर-भोपाल राष्‍ट्रीय राजमार्ग 45 पर शहपुरा में बने रेलवे ओवरब्रिज बनाने में करोड़ों रुपए की लागत लगी लेकिन निर्माण क्‍वालिटी ऐसी रही कि ब्रिज का एक हिस्‍सा ढह गया। इससे पहले भी एक हिस्‍सा ढह चुका है। सितंबर 2025 में एक लेन ढह गई थी। इस तरह निर्माण के चार साल में आरओबी के दो हिस्‍से ढहने से निर्माण क्‍वालिटी पर सवाल उठ रहे हैं।

इस मामले में मप्र सड़क विकास निगम जबलपुर के संभागीय प्रबंधक राकेश मोरे के प्रतिवेदन पर सोमवार को शहपुरा थाने में एनएच 45 रोड शहपुरा का ठेका लेने वाली कंपनी वागड़ इन्‍फ्रा प्रा लि एवं मेसर्स सोरथिया वेल्‍जी रतना कंपनी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि विनोद जैन व मेसर्स आईसीटी प्रा लि नई दिल्‍ली के टीम लीडर हुकुम सिंह परमार के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। आरोप है कि दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों ने एमपीआरडीसी के निर्देश व दायित्‍वों का पालन नहीं किया।

फैक्‍ट फाइल

– जबलपुर से भोपाल तक 320 किमी की सड़क पांच हिस्‍सों में बनी है। इसका पहला हिस्‍सा 55 किमी का है जोकि जबलपुर अंधमूक बायपास से हिरण नदी तक एमपीआरडीसी ने बनाया है। निर्माण का ठेका राजस्‍थान के बांगड़ इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर के पास था। कंपनी को ब्‍लैक लिस्‍ट कर दिया गया है। क्षतिग्रस्‍त हिस्‍से की मरम्‍मत उसे ही करनी होगी।

– आरओबी का अनुबंध 19 दिसंबर 2017 को हुआ था। 55.60 किमी लंबी सड़क का निर्माण 7 फरवरी 2022 को पूर्ण हुआ। इसकी गारंटी की अवधि 06 फरवरी 2026 तक थी। जिसे बढ़ाया गया था। इसके पहले भी सितंबर 2025 में रिटेंनिंग वॉल क्षतिग्रस्‍त हो गई थी।

रूट डायवर्ट

जबलपुर से भोपाल की ओर जाने वाले भारी वाहनों को अंधमूक बायपास एवं पाटन बायपास मार्ग से डायवर्ट किया जा रहा है। वहीं भोपाल से जबलपुर की ओर आने वाले भारी वाहनों को पाटन मार्ग की ओर डायवर्ट किया जा रहा है।

कठोर कार्रवाई की जा रही है

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का कहना है कि सड़क विकास निगम के द्वारा मरम्‍मत कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। एक माह के अंदर सुधार कार्य पूरा करके यातायात प्रारंभ करने का लक्ष्‍य है। इस घटना के लिए जिम्‍मेदार ठेकेदारों को ब्‍लैकलिस्‍ट कर दिया है। एफआइआर दर्ज की गई है। संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button