ईरान के कई शहरों पर अमेरिका-इजरायल का हमला, तेहरान धुंआ-धुंआ

ईरान के कई शहरों पर अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त हमला कर दिया है। हमले के बाद राजधानी तेहरान धुंआ-धुंआ हो गई है। एक साथ करीब 30 ठिकानों पर अटैक किए जाने से शहर के कई हिस्सों में धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। इस हमले से पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है।

सुप्रीम लीडर खामेनेई को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया

हमले के तुरंत बाद ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इस घटनाक्रम के बाद ईरान में आपात स्थिति जैसे हालात बन गए हैं।

भारत ने जारी की एडवाइजरी

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। भारतीयों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

ईरान का पलटवार करने का ऐलान

हमले के बाद ईरान ने कड़ा बयान जारी करते हुए कहा है कि वह इस कार्रवाई का पलटवार करेगा। ईरान ने चेतावनी दी कि अब हालात उसके हाथ में नहीं रहेंगे। ईरान और इजरायल दोनों ने अपने-अपने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं। इजरायल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है।

अमेरिका और इजरायल का दावा

अमेरिका ने कहा है कि हमले में ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है। अमेरिका के अनुसार इजरायल ने ईरान पर मिसाइलें दागी हैं और यह कार्रवाई ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करने के उद्देश्य से की गई है। इजरायल ने इस ऑपरेशन का नाम “शील्ड ऑफ जूडा” रखा है।

ट्रंप का बयान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान परमाणु हथियार बनाने की कोशिश कर रहा था और वह कभी परमाणु शक्ति नहीं बन सकता। उन्होंने कहा कि अमेरिका को निशाना बनाने की कोशिश की जा रही थी और ईरान की मिसाइल क्षमता को खत्म किया जाएगा। ट्रंप ने इसे बड़ा ऑपरेशन बताते हुए कहा कि अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मध्य-पूर्व में बढ़ा तनाव

इस हमले के बाद पूरे मध्य-पूर्व क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। वैश्विक स्तर पर इस घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की प्रतिक्रियाएं आना शुरू हो गई हैं और आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Back to top button