
जबलपुर। फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं डायवेल कोर फाउंडेशन, जबलपुर के संयुक्त तत्वावधान में “निरामय” शीर्षक से तनाव प्रबंधन, स्वास्थ्य संतुलन एवं आनंदित जीवन पर आधारित एक प्रेरणादायी कार्यशाला का आयोजन गत दिवस किया गया।
चेतना का आह्वान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपने स्वागत उद्बोधन में फेडरेशन के उपाध्यक्ष हिमांशु खरे ने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यशाला नहीं, बल्कि चेतना का आह्वान है। आज उपलब्धियाँ बढ़ रही हैं, पर संतोष घट रहा है। साधन बढ़ रहे हैं, पर शांति कम हो रही है। ऐसे समय में स्वयं से पुनः जुड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान जीवनशैली में तनाव अपवाद नहीं, बल्कि सामान्य स्थिति बन चुका है। “निरामय” का उद्देश्य इसी असंतुलन को सकारात्मक दिशा देना है।
रिवर्सल की तकनीक पर व्याख्यान
कार्यशाला में मुंबई से पधारे सुप्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अक्षय मेहता ने रिवर्सल ऑफ हार्ट डिजीज, रिवर्सल ऑफ डायबिटीज तथा रिवर्सल ऑफ ब्लड प्रेशर पर रोचक व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि मानव शरीर में विभिन्न रोगों से उत्पन्न समस्याओं को संतुलित खान-पान, नियमित व्यायाम और अनुशासित जीवनशैली से किस प्रकार नियंत्रित या रिवर्स किया जा सकता है। उपस्थित जनसमुदाय की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
तनाव प्रबंधन पर मार्गदर्शन
डायवेल कोर फाउंडेशन के संस्थापक चिकित्सक डॉ. परिमल स्वामी ने शॉर्ट टर्म तकनीक का प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि छोटे-छोटे प्रयासों से व्यक्ति स्वस्थ और फिट रह सकता है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक बीमारियां जैसे हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और हृदय रोग को आदर्श जीवनचर्या से रोका या नियंत्रित किया जा सकता है। मांसपेशियों की ताकत भविष्य के रोगों का संकेतक है और नियमित व्यायाम मृत्यु दर को कम कर सकता है।
मन की शक्ति सर्वोपरि
कार्यशाला के मुख्य अतिथि महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि तनाव जीवन का हिस्सा है, लेकिन उसे नियंत्रित करना आवश्यक है। उन्होंने चिकित्सकों की सलाह का पालन करने और हर परिस्थिति में मानसिक रूप से मजबूत बने रहने पर जोर दिया।
निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
आयोजन में नगर के प्रमुख व्यापारिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, युवा वर्ग और महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न कंपनियों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। आगंतुकों का निःशुल्क शुगर टेस्ट, मांसपेशियों की शक्ति परीक्षण आदि किया गया। कार्यक्रम का संचालन विनोद शर्मा ने किया तथा आयोजन को सफल बनाने में हिमांशु राय, मनु शरत तिवारी, अरुण पवार, सुनील श्रीवास्तव, अजीत पवार और मजहर अली का सहयोग रहा।