पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीख तय, बंगाल में दो चरण में मतदान, चार मई को नतीजे

नई दिल्ली। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कर दी है। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान होगा, जबकि केरल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में एक ही चरण में वोटिंग कराई जाएगी। इसके अलावा छह राज्यों की आठ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी कराए जाएंगे। सभी चुनावों की मतगणना 4 मई 2026 को एक साथ होगी।

पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान

पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। पहले चरण में 152 सीटों के लिए 23 अप्रैल 2026 को वोटिंग होगी, जबकि दूसरे चरण में 142 सीटों के लिए 29 अप्रैल 2026 को मतदान कराया जाएगा। पिछली बार पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में चुनाव कराए गए थे।

चार राज्यों में एक ही चरण में चुनाव

तमिलनाडु में 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल 2026 को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। वहीं असम में 126 सीट, केरल में 140 सीट और पुडुचेरी में 30 सीटों के लिए 9 अप्रैल 2026 को एक चरण में वोटिंग होगी।

4 मई को होगी मतगणना

पांचों राज्यों के विधानसभा चुनावों की मतगणना 4 मई 2026 को की जाएगी। इन सभी विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून 2026 के बीच समाप्त हो रहा है, इसलिए चुनाव आयोग ने समय से पहले चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है।

इन राज्यों में होंगे विधानसभा उपचुनाव

इसके अलावा गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, कर्नाटक और नागालैंड की आठ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराए जाएंगे। गोवा, कर्नाटक, त्रिपुरा और नागालैंड में उपचुनाव के लिए मतदान 9 अप्रैल 2026 को होगा, जबकि गुजरात और महाराष्ट्र में 23 अप्रैल 2026 को मतदान कराया जाएगा। इन उपचुनावों की मतगणना भी 4 मई 2026 को ही होगी।

Back to top button