
जबलपुर। श्रीराम नवमी के अवसर पर विगत 45 वर्षों से सनातन धर्म महासभा जबलपुर के तत्वावधान में श्रीमद् जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज के नेतृत्व में भव्य आयोजन किए जाते हैं। इसी क्रम में इस वर्ष भी रामनवमी के पूर्व विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
श्रीकृष्ण सनातन धर्म मंदिर गोरखपुर में बैठक संपन्न
श्री सनातन धर्म महासभा के अध्यक्ष श्याम साहनी, गुलशन मखीजा, हरीश सभरवाल, लकी भाटिया, राजेंद्र प्यासी, राकेश पाठक, नरेंद्र पाल मलिक, लोकराम कोरी, जतिन नारंग और प्रवेश खेड़ा ने बताया कि श्रीकृष्ण मंदिर गोरखपुर की इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी रहती है। इस वर्ष श्रीराम नवमी शोभायात्रा में श्रीकृष्ण मंदिर गोरखपुर की ओर से भगवान श्रीराम की चार झांकियां शामिल होंगी। इसके साथ ही बैंड, ढोल और शारीरिक प्रदर्शन करते हुए दो अखाड़े भी शामिल रहेंगे। साथ ही श्रीराम धुन और नाम संकीर्तन करती हुई मंडलियां भी शोभायात्रा में सहभागिता करेंगी।
24 मार्च को निकलेगी विशाल स्कूटर रैली
वाहन रैली संयोजक नीता चावला, गीता पांडे, कविता दुबे, नंदिता महाजन और रजनी बग्गा ने बताया कि इस वर्ष श्री सनातन धर्म महासभा महिला मंडल के तत्वावधान में श्रीराम प्राकट्योत्सव रामनवमी शोभायात्रा के पूर्व 24 मार्च को शाम 4 बजे विशाल स्कूटर वाहन रैली निकाली जाएगी। यह रैली धर्म के प्रति नारी सशक्तिकरण के साथ “नारी शक्ति नारायणी शक्ति” और नारी जागरण का सामूहिक संदेश देते हुए एकता और आत्मविश्वास का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करेगी।
इस मार्ग से निकलेगी स्कूटर रैली
स्कूटर वाहन रैली शाम 4 बजे श्री नृसिंह मंदिर शास्त्री ब्रिज से श्रीमद् जगतगुरु डॉ. स्वामी नृसिंहदेवाचार्य जी एवं पूज्य संतों के आशीर्वाद तथा गणमान्य नागरिकों के करकमलों से प्रारंभ होगी। इसके बाद यह रैली आदि शंकराचार्य चौक, गोरखपुर बाजार, श्रीकृष्ण मंदिर गोरखपुर द्वार, कटंगा तिराहा, नर्मदा रोड, हांडा पेट्रोल पंप के आगे से रतन कॉलोनी, दुर्गा मंदिर और हाथीताल होते हुए श्रीराम मंदिर मदन महल में समाप्त होगी।
महिला मंडल ने किया सहभागिता का आह्वान
आयोजकों ने सभी बहनों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस वाहन रैली को सफल बनाएं और नारी शक्ति के संदेश को समाज तक पहुंचाएं।