
राकेश कुमार शर्मा, पन्ना। राजधानी नई दिल्ली में 18 से 30 मार्च 2026 तक आयोजित भारत ट्राइब्स फेस्ट (आदि महोत्सव) में दक्षिण पन्ना वनमण्डल के कल्दा वन धन विकास केंद्र (VDVK) को मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि न केवल वन विभाग बल्कि पूरे पन्ना जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है।
पारंपरिक उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र
इस प्रतिष्ठित आयोजन में कल्दा वन धन केंद्र द्वारा चिरौंजी, प्राकृतिक शहद और महुआ लड्डू जैसे पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ आंवला आचार, त्रिफला चूर्ण, दहीमन, सूखा आंवला, बाल हर्रा एवं बहेड़ा छिलका जैसे लघु वनोपज आधारित उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं, जो आगंतुकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
गुणवत्ता और पैकेजिंग पर विशेष ध्यान
वन धन केंद्र ने अपने उत्पादों की गुणवत्ता, स्वच्छता और आकर्षक पैकेजिंग पर विशेष ध्यान दिया है। सभी उत्पादों का परीक्षण एफएसएसएआई मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में कराकर उनकी शुद्धता एवं पोषण गुणवत्ता सुनिश्चित की गई है। साथ ही आधुनिक विपणन रणनीतियों के जरिए इन उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता जनजातीय समुदाय
यह पहल केवल उत्पाद प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय जनजातीय समुदाय की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रही है। इस सफलता के पीछे परिक्षेत्र अधिकारी परिवेश सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में वनरक्षक सूर्य प्रताप बघेल, वन धन केंद्र सचिव जग बहादुर सिंह गोंड सहित सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वहीं रैपुरा रेंज अधिकारी द्वारा स्टॉल को आकर्षक बनाने के लिए उत्कृष्ट ग्राफिक्स डिजाइनिंग भी की गई है।
भविष्य में रिटेल आउटलेट खोलने की तैयारी
भविष्य की योजनाओं के तहत दक्षिण पन्ना वन विभाग द्वारा पन्ना, पवई और शाहनगर में रिटेल आउटलेट स्थापित करने की तैयारी की जा रही है, जिससे इन उत्पादों को स्थानीय स्तर पर भी आसानी से उपलब्ध कराया जा सकेगा। यह कदम वन आधारित आजीविका को मजबूत करते हुए क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति देने में सहायक सिद्ध होगा।