
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में श्रीराम नवमी के अवसर पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। श्री सनातन धर्म महासभा जबलपुर के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस परंपरागत शोभायात्रा को लेकर रविवार को श्री राम मंदिर मदन महल में अंतिम महत्वपूर्ण निर्णायक बैठक संपन्न हुई।
सनातन एकता और संस्कारों का संदेश
बैठक में जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉक्टर स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए सनातन संस्कृति के कार्यों में सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे इस शोभायात्रा में शामिल होकर एकता और संस्कारों का परिचय दें तथा जबलपुर को राममय बनाने में योगदान दें।
युवा वर्ग से एकता प्रदर्शन का आह्वान
उज्जैन से पधारे श्री भगवान जी बापू ने कहा कि यह आयोजन सनातन धर्म की एकता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे बड़ी संख्या में शामिल होकर धर्म की अखंडता और एकजुटता का प्रदर्शन करें।
27 मार्च को निकलेगी पारंपरिक शोभायात्रा
महासभा द्वारा आयोजित यह शोभायात्रा 46 वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 27 मार्च को शाम 6 बजे श्री सनातन धर्म तिराहा, पुराना बस स्टैंड से प्रारंभ होगी। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की इस भव्य यात्रा में शहरभर में जगह-जगह स्वागत वंदन की तैयारियां की जा रही हैं।
बैठक में दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव
शोभायात्रा को और अधिक आकर्षक एवं भव्य बनाने के लिए महासभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए। इस दौरान श्री श्याम साहनी, गुलशन माखीजा, लेखराज सिंह, शरद काबरा, प्रवेश खेड़ा, जितिन नारंग, संदीप जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सैकड़ों श्रद्धालुओं की रही उपस्थिति
बैठक में शहर के विभिन्न मंदिरों, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सपरिवार शामिल होने की अपील
महासभा के संरक्षक एवं संतों ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने परिवार और इष्ट मित्रों के साथ इस भव्य शोभायात्रा में शामिल होकर धर्म और संस्कृति के इस महापर्व का हिस्सा बनें।
बैठक का संचालन और आभार
कार्यक्रम का संचालन महासभा के संयोजक प्रवेश खेड़ा द्वारा किया गया, जबकि विष्णु पटेल ने आभार, धन्यवाद एवं साधुवाद ज्ञापित किया।