
जबलपुर। बरगी डैम की भीषण क्रूज त्रासदी को गंभीरता से लेते हुए राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा ने अपना प्रस्तावित विदेश दौरा रद्द कर दिया है। इस दर्दनाक घटना के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए वे सुबह जबलपुर पहुंचेंगे।
पीड़ित परिवारों से मिलकर साझा करेंगे दुख
सांसद विवेक तन्खा इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों से मुलाकात करेंगे और उन्हें सांत्वना देंगे। उन्होंने कहा कि वे इस कठिन समय में पीड़ितों के साथ खड़े रहकर उनका दुःख साझा करेंगे और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करने का प्रयास करेंगे।
अस्पताल पहुंचकर घायलों का जानेंगे हाल
अपने दौरे के दौरान सांसद तन्खा अस्पताल जाकर हादसे में घायल हुए लोगों का हालचाल भी जानेंगे। साथ ही उनके परिजनों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाएंगे, ताकि वे इस कठिन परिस्थिति का सामना कर सकें।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
विवेक तन्खा ने कहा कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ शीघ्र और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से इस संबंध में चर्चा करने की बात भी कही, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
मानव जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब समय आ गया है कि सरकार यह समझे कि मनुष्य की जान सबसे मूल्यवान है और इसकी सुरक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम तत्काल उठाए जाने चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।