VIDEO: बरगी बांध हादसे के मृतकों को दी श्रद्धांजलि, कैंडल मार्च निकालकर जताया शोक

एडवोकेट्स सोशल एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने आयोजित की शोक सभा

जबलपुर। बरगी डैम में हुई हृदय विदारक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए एडवोकेट्स सोशल एंड वेलफेयर एसोसिएशन जबलपुर के तत्वावधान में अधिवक्ताओं और आम नागरिकों द्वारा शोक सभा का आयोजन किया गया।

कैंडल मार्च निकालकर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

अधिवक्ता एवं समाजसेवी आशीष ठाकुर ने बताया कि विगत दिनों बरगी में अचानक आई तेज आंधी-तूफान के कारण पर्यटकों से भरा क्रूज अनियंत्रित होकर पलट गया। खमरिया टापू के पास यह क्रूज डूब गया, जिससे 10 से अधिक लोगों की असमय मृत्यु हो गई। दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देने के लिए सिविक सेंटर से वंदे मातरम चौक तक कैंडल मार्च निकाला गया। वंदे मातरम चौक पर सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

प्रशासनिक व्यवस्था पर उठाए गए सवाल

एड. आशीष ठाकुर ने शोक व्यक्त करते हुए शासन द्वारा दी जाने वाली राहत राशि पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केवल 4 लाख रुपये की सहायता से पीड़ित परिवारों की भरपाई संभव नहीं है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर भी प्रश्न उठाते हुए कहा कि पूर्व में अन्य स्थानों पर इस तरह की घटनाएं होने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए।

बड़ी संख्या में अधिवक्ता और नागरिक रहे उपस्थित

कार्यक्रम में एडवोकेट्स सोशल एंड वेलफेयर एसोसिएशन जबलपुर के अध्यक्ष एड. सतेन्द्र पाण्डेय, एड. आशीष ठाकुर, दिलीप तिवारी, एड. हर्ष सोनी, एड. संजय कुशवाहा, शिवा पटेल, एड. सचिन स्वामी, एड. शुभम कुशवाहा, एड. रजनीश झा, एड. प्रभात यादव, एड. अमर गुप्ता, एड. अतुल पटेल, अमन पटेल, शैलू पटेल, एड. नितिन तिवारी, अजय बेन, सुरेश पाठक, चंदन बेन सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Back to top button