
बेंगलुरु। बेंगलुरु में The Art of Living Foundation के 45वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिस्सा लिया। उन्होंने बेंगलुरु आश्रम में निर्मित ध्यान मंदिर का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में आध्यात्मिकता, सेवा और राष्ट्र निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
गुरुदेव ने की प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना
गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर जी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश में स्वच्छता, व्यवस्था और विकास को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान ने लोगों को जागरूक किया है और भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

भारत की वैश्विक स्थिति पर भी दिया जोर
गुरुदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने कम समय में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। भारत आज वैश्विक स्तर पर एक मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने में भी भारत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पीएम मोदी ने गुरुदेव के योगदान को बताया प्रेरणादायक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गुरुदेव का 70वां जन्मोत्सव और आर्ट ऑफ लिविंग के 45 वर्ष का यह संयोग बेहद विशेष है। उन्होंने कहा कि गुरुदेव द्वारा 45 वर्ष पहले बोया गया बीज आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है, जो दुनिया भर में शांति और सेवा का संदेश दे रहा है।
समाज की शक्ति को बताया सबसे बड़ा आधार
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी अभियान की सफलता में समाज की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। समाज की शक्ति सरकार और राजनीति से भी अधिक प्रभावशाली होती है। सेवा भारतीय संस्कृति का मूल स्वभाव है, जो हमें पीढ़ी दर पीढ़ी प्रेरित करता है।
युवाओं की भूमिका पर दिया विशेष जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश की उपलब्धियों में युवाओं की भूमिका अहम है। उन्होंने खुशी जताई कि आर्ट ऑफ लिविंग जैसे संगठन युवाओं को आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए मार्गदर्शन दे रहे हैं।
समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के होलिस्टिक डेवलपमेंट के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। आर्ट ऑफ लिविंग जैसे संगठन इस परिवर्तन के महत्वपूर्ण भागीदार बन सकते हैं और समाज को नई दिशा दे सकते हैं।