
जबलपुर। जबलपुर में आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर जी के 70वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 13 मई को विविध आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन देश-विदेश में मनाए जा रहे जन्मोत्सव की कड़ी का हिस्सा है।
सुबह से शुरू होंगे कार्यक्रम और पौधारोपण
कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 6:30 बजे मदन महल शारदा मंदिर के समीप स्थित ज्ञान क्षेत्र में सामुहिक साधना से होगी। इसके बाद सुबह 9:30 बजे ज्ञान क्षेत्र (TOK) में ‘कदम’ संस्था के सहयोग से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जेल में सत्संग का आयोजन
सुबह 10 बजे जेल परिसर में सत्संग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें आध्यात्मिक संदेशों के माध्यम से सकारात्मकता का प्रसार किया जाएगा।
मानस भवन में भजन संध्या, हरसिल पुलेकर देंगे प्रस्तुति
शाम को मानस भवन ऑडिटोरियम में भव्य सत्संग (भजन संध्या) का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुंबई से पधार रहे सुप्रसिद्ध गायक हरसिल पुलेकर अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से शुरू होगा।
10 मई से शुरू हुई गतिविधियां
आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा जन्मोत्सव कार्यक्रमों की शुरुआत 10 मई को वृद्धाश्रम में फल वितरण के साथ की गई थी। इसके बाद विभिन्न सेवा और आध्यात्मिक गतिविधियों का आयोजन लगातार किया जा रहा है।
सभी को आमंत्रण
आर्ट ऑफ लिविंग जबलपुर ने सभी नागरिकों से इन कार्यक्रमों में शामिल होकर गुरुदेव के जन्मोत्सव को सेवा, ध्यान और भक्ति के साथ मनाने की अपील की है।