
जबलपुर। गेहूं उपार्जन में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और बिचौलिये व्यवस्था का अनुचित लाभ न उठा सकें, इसे सुनिश्चित करने प्रशासन द्वारा खरीदी केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह स्वयं भी खरीदी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने गुरुवार देर रात जबलपुर-कटंगी मार्ग पर गर्रेहा स्थित शकुन वेयर हाउस के खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया।
खुले में गेहूं मिलने पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान केंद्र परिसर में किसानों द्वारा लाया गया गेहूं खुले में रखा मिला, जिस पर कलेक्टर ने अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने गेहूं की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने पर केंद्र प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
रात 12 बजे पहुंचे कलेक्टर
कलेक्टर श्री सिंह गुरुवार रात लगभग 12 बजे निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। निरीक्षण की सूचना मिलने पर एसडीएम पाटन मानवेन्द्र सिंह भी मौके पर पहुंचे।
भंडारण व्यवस्था सुधारने के निर्देश
कलेक्टर ने मौसम को ध्यान में रखते हुए किसानों से खरीदे गए गेहूं के सुरक्षित भंडारण के निर्देश दिए। साथ ही उपार्जन केंद्र पर विक्रय के लिए लाए गए गेहूं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की हिदायत भी दी।