MP Weather: नहीं तप रहे नौतपा, तापमान सामान्‍य से कम, जानें कैसा रहेगा आपके जिले का हाल

जबलपुर/भोपाल। मध्य प्रदेश में इस बार नौतपा के दौरान अपेक्षित गर्मी नहीं पड़ रही है। मौसम में आए बदलाव के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर बना हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले 5 दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान कार्यालय, जबलपुर के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बदलाव के कारण नौतपा के दिनों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

रविवार सुबह तक जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। अमरकंटक में 68.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि अलीराजपुर, झाबुआ, धार, खरगोन और बैतूल सहित कई जिलों में भी वर्षा हुई।

शाम के समय इन जिलों में विशेष अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार शाम के समय छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, अनूपपुर, जबलपुर (भेड़ाघाट), सतना, रीवा, मैहर, उत्तर शहडोल, सीधी और सिंगरौली जिलों में 70 किमी/घंटा तक की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम स्तर का आंधी-तूफान, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना है।

इसके अलावा कटनी, उमरिया, सागर, दमोह, बैतूल, धार, इंदौर, भिंड, दतिया और रायसेन (सांची) में 50 किमी/घंटा तक की रफ्तार से हल्की आंधी-तूफान और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

अगले 5 दिनों का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार 31 मई से 4 जून तक प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का असर बना रहेगा। खंडवा, झाबुआ, रतलाम और छिंदवाड़ा में 60-70 किमी/घंटा की हवाओं के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। वहीं खरगोन, धार और बुरहानपुर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर और सागर सहित कई जिलों में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

मानसून को लेकर संकेत

दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में इसके और सक्रिय होने के संकेत हैं। इसी वजह से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिससे नौतपा का असर कमजोर पड़ा है।

लोगों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। किसानों को फसल सुरक्षित रखने और खुले में न रखने की सलाह दी गई है।

Back to top button