
पन्ना। पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू के निर्देशन में थाना बृजपुर पुलिस ने ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीक आधारित डिजिटल सुरक्षा नेटवर्क स्थापित किया है। थाना प्रभारी उप निरीक्षक शक्ति प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में लगभग 400 वर्ग किलोमीटर के थाना क्षेत्र तथा 60 ग्रामों को सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था से जोड़ा गया है।
400 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में डिजिटल सुरक्षा कवच
क्षेत्र की भौगोलिक एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जगहों का चयन कर जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, सचिवों एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से कुल 57 हाईटेक कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे प्रमुख मार्गों, सीमावर्ती क्षेत्रों तथा सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी रख रहे हैं।
आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं कैमरे
कैमरों में एचडी लाइव स्ट्रीमिंग, पीटीजेड एवं 16 गुना जूम, नंबर प्लेट डिटेक्शन सिस्टम, कलर नाइट विजन, 4जी कनेक्टिविटी, सोलर बैकअप तथा 30 दिन तक रिकॉर्डिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
कंट्रोल रूम से हो रही चौबीसों घंटे निगरानी
थाना परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम से 60 इंच की एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सभी कैमरों की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल नजर रखी जा रही है और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
अपराध नियंत्रण में मिलेगी बड़ी मदद
इस तकनीकी पहल से अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी, त्वरित अनुसंधान तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। डिजिटल निगरानी प्रणाली ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
जनसहभागिता से विकसित हुआ मॉडल
पुलिस और जनता की सहभागिता से विकसित यह मॉडल बृजपुर थाना क्षेत्र को स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में नई पहचान दे रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीक आधारित सुरक्षा व्यवस्था का यह उत्कृष्ट उदाहरण भविष्य में अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकता है।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा