मुहर्रम पर निकला ताजिया जुलूस, इमाम हुसैन की शहादत को किया गया याद

गैसाबाद। मुहर्रम के अवसर पर गैसाबाद में ताजिया जुलूस श्रद्धा, आस्था और गमगीन माहौल के बीच निकाला गया। मुस्लिम समाज द्वारा निकाले गए ताजिया जुलूस में बड़ी संख्या में समाज के बुजुर्ग, युवा, महिलाएं एवं बच्चे शामिल हुए। जुलूस के दौरान लोगों ने हजरत इमाम हुसैन और करबला के शहीदों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्य मार्गों से निकला ताजिया जुलूस

ताजिया जुलूस स्थानीय मस्जिद से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए बस स्टैंड पहुंचा तथा वहां से तिगड्डा तक निकाला गया। जुलूस में शामिल लोग मातमी धुनों के साथ आगे बढ़ते रहे और शांति एवं अनुशासन का परिचय दिया।

तिगड्डा पर हुआ पारंपरिक कब्बली कार्यक्रम

तिगड्डा पर पारंपरिक कब्बली कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए इमाम हुसैन की शहादत को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

व्यारमा नदी में ठंडे किए गए ताजिए

कार्यक्रम संपन्न होने के बाद ताजियों को श्रद्धापूर्वक व्यारमा नदी ले जाया गया, जहां धार्मिक परंपरा के अनुसार ताजियों को ठंडा किया गया। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा।

पुलिस की रही सतत निगरानी

जुलूस एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना प्रभारी सौरभ शर्मा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस द्वारा पूरे मार्ग पर सतत निगरानी रखी गई, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

समाज के गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित

इस अवसर पर अजीज खां, लल्लू खां, मगन शाह, यशीन खां, इदरीश खां, शाबिर शाह सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : जिमी नगरिया

Back to top button