ललितपुर यार्ड रीमॉडलिंग के चलते बदलेगा ट्रेनों का संचालन, श्रीधाम एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी

जबलपुर। जुलाई माह में रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह खबर महत्वपूर्ण है। उत्तर मध्य रेलवे के ललितपुर स्टेशन पर एक जुलाई से एक अगस्त तक यार्ड रीमॉडलिंग का कार्य किया जाएगा। इस दौरान बीना-झांसी रेलखंड पर रेल संचालन प्रभावित रहेगा और कई ट्रेनों के मार्ग तथा समय में बदलाव किया गया है।

श्रीधाम एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी

रेलवे के अनुसार जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली 12192 श्रीधाम एक्सप्रेस 14 जुलाई से 20 जुलाई तक कुल सात फेरों के लिए अपने निर्धारित मार्ग के बजाय बीना-गुना-ग्वालियर होकर संचालित होगी। मार्ग परिवर्तन के कारण ट्रेन के समय में भी बदलाव रहेगा।

महामना एक्सप्रेस रहेगी निरस्त

भोपाल-खजुराहो महामना एक्सप्रेस (22163) तथा खजुराहो-भोपाल महामना एक्सप्रेस (22164) को 16 जुलाई से 20 जुलाई तक पांच-पांच ट्रिप के लिए निरस्त किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाते समय इस बदलाव को ध्यान में रखने की अपील की है।

क्यों किया जा रहा है कार्य

रेलवे प्रशासन के अनुसार ललितपुर स्टेशन पर नई रेल लाइन जोड़ने, प्वाइंट बदलने तथा सिग्नलिंग प्रणाली को आधुनिक बनाने का कार्य किया जाएगा। इसके तहत 1 से 19 जुलाई तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग, 20 जुलाई को नॉन इंटरलॉकिंग तथा 21 जुलाई से 1 अगस्त तक पोस्ट नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य प्रस्तावित है।

यात्रा से पहले जरूर करें जानकारी

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का मार्ग, समय और वर्तमान स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES, रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा संबंधित रेलवे स्टेशन से अवश्य पता कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Back to top button