
नई दिल्ली। आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से केंद्र सरकार लगातार नई योजनाएं और डिजिटल सुविधाएं शुरू कर रही है, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके। इसी दिशा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी कई नई डिजिटल सेवाओं का शुभारंभ किया।
इनमें आयुष्मान सारथी नामक चैटबॉट, राष्ट्रीय एंबुलेंस सर्विस गाइडलाइन, वर्ष 2030 तक मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य देखभाल के लिए सुमन रोडमैप, समग्र शिशु एवं बाल स्वास्थ्य कल्याण कार्यक्रम तथा एनीमिया मुक्त भारत अभियान शामिल हैं।
अब WhatsApp पर मिलेंगी आयुष्मान भारत की सेवाएं
आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी अब 24 घंटे WhatsApp के माध्यम से कई महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इसके तहत पात्रता की जांच, आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन, कार्ड डाउनलोड, ई-केवाईसी, आधार लिंक करना, पीएम-जेएवाई कार्ड को लॉक या अनलॉक करना तथा 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड से संबंधित सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे लाभार्थियों को घर बैठे ही तत्काल सेवाएं प्राप्त हो सकेंगी।
यूनिफाइड हेल्थ इंटरफेस भी हुआ लॉन्च
इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने यूनिफाइड हेल्थ इंटरफेस (UHI) भी लॉन्च किया। यह एक इंटरऑपरेबल डिजिटल नेटवर्क है, जो मरीजों को विभिन्न स्वास्थ्य प्लेटफॉर्म से जोड़ने का कार्य करेगा और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच उपलब्ध कराएगा।
आरोग्य सेतु 2.0 की भी शुरुआत
जेपी नड्डा ने आरोग्य सेतु 2.0 का भी शुभारंभ किया। यह व्यक्तिगत स्वास्थ्य रिकॉर्ड के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा। इसके माध्यम से स्वास्थ्य बीमा कवरेज, स्वास्थ्य बीमा से जुड़े दावों की स्थिति तथा रीयल-टाइम स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इससे नागरिकों को अपनी स्वास्थ्य सेवाओं और बीमा सुविधाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी।