10 साल से फरार आजीवन कारावास का दोषी गिरफ्तार, सागर का ₹10 हजार का इनामी था आरोपी

दमोह। थाना गैसाबाद पुलिस ने करीब 10 वर्षों से फरार चल रहे आजीवन कारावास के दोषी और स्थायी वारंटी गोविंद विश्वकर्मा को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर जिला सागर से 10 हजार रुपये और जिला दमोह से एक हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार थाना गैसाबाद के अपराध क्रमांक 11/2007 में धारा 341, 302, 307 और 34 के तहत दर्ज मामले में गोविंद विश्वकर्मा पिता दरबारी विश्वकर्मा, निवासी ग्राम हिनौताकलां, को न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। सजा के दौरान वह केंद्रीय जेल सागर में निरुद्ध था।

पैरोल पर छूटने के बाद हो गया था फरार

गोविंद विश्वकर्मा को 7 सितंबर 2017 को 15 दिन की पैरोल पर रिहा किया गया था। पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद वह निर्धारित समय पर जेल वापस नहीं लौटा और फरार हो गया। इसके बाद थाना गोपालगंज, जिला सागर में उसके और उसके जमानतदार रामेश्वर कुर्मी के खिलाफ अपराध क्रमांक 402/2017 के तहत धारा 224, 109 और 34 भादवि में मामला दर्ज किया गया। जमानतदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि गोविंद विश्वकर्मा लगातार फरार रहा।

हाईकोर्ट से जारी था स्थायी वारंट

आरोपी के फरार होने पर सागर पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। वहीं, मामले में उच्च न्यायालय जबलपुर में लंबित अपील के दौरान आरोपी की अनुपस्थिति के कारण उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया। इसके बाद दमोह पुलिस ने भी उसकी गिरफ्तारी पर एक हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी।

मथुरा से हुई गिरफ्तारी

पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी उत्तर प्रदेश के मथुरा में मौजूद है। इसके बाद गैसाबाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर 29 जून 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल वारंट प्राप्त होने पर जिला जेल दमोह भेज दिया गया।

इनकी रही प्रमुख भूमिका

आरोपी की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक सौरभ शर्मा, प्रधान आरक्षक तुलसीराम पटैल, आरक्षक रामसिंह लोधी, नगर रक्षा समिति के सदस्य जशवेंद्र सिंह लोधी तथा साइबर सेल दमोह के प्रधान आरक्षक सौरभ टंडन और आरक्षक मयंक दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रिपोर्ट: जिमी नगरिया

Back to top button