
जबलपुर. प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत प्रदेश में अब तक 1 लाख 43 हजार 150 उपभोक्ता लाभान्वित हो चुके हैं। इन हितग्राहियों के बैंक खातों में 1,010.25 करोड़ रुपये की सब्सिडी सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि योजना के तहत तीन किलोवाट क्षमता तक के घरेलू सौर संयंत्रों पर केंद्र सरकार आकर्षक सब्सिडी प्रदान कर रही है। योजना के अनुसार एक किलोवाट सौर संयंत्र पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसका उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और बिजली खर्च में कमी लाना है।
ऑनलाइन आवेदन के बाद अधिकृत वेंडर से लगवाएं संयंत्र
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को पीएम सूर्य घर योजना के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के बाद विद्युत वितरण कंपनी में पंजीकृत अधिकृत वेंडर से ही सौर संयंत्र स्थापित कराना अनिवार्य है। अधिक जानकारी संबंधित विद्युत वितरण कंपनी की वेबसाइट, मोबाइल एप, व्हाट्सएप चैटबॉट अथवा टोल फ्री नंबर 1912 से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बताया कि सब्सिडी मिलने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उपभोक्ता के आधार कार्ड, बैंक खाते और बिजली कनेक्शन में दर्ज नाम एक समान होना चाहिए। योजना के तहत स्थापित सभी सौर संयंत्रों के साथ स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं।
तीनों बिजली वितरण कंपनियों में इतनी सब्सिडी वितरित
प्रदेश में कंपनीवार स्थिति की बात करें तो पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत 33,092 सौर संयंत्रों पर 231.95 करोड़ रुपये, मध्य क्षेत्र में 51,343 संयंत्रों पर 361.99 करोड़ रुपये तथा पश्चिम क्षेत्र में 58,715 संयंत्रों पर 416.30 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है।