गीता धाम भागवत कथा में गूंजा संदेश, हर सांस में हो हरि भजन

जबलपुर। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर श्री गीता धाम, गौरीघाट में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा पुराण सप्ताह के द्वितीय दिवस श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। कथाव्यास श्री जगद्गुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंहदेवाचार्य जी महाराज ने अपने प्रवचन में श्रद्धालुओं को भगवान के निरंतर स्मरण और हरिनाम संकीर्तन का संदेश दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने पहुंचे।

हर सांस में हो भगवान का स्मरण

अपने प्रवचन में पूज्य महाराज ने कहा कि ईश्वर द्वारा प्राप्त दुर्लभ मानव जीवन की सार्थकता तभी है, जब प्रत्येक क्षण भगवान का भजन और स्मरण किया जाए। उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन में भगवान के चरणों के प्रति अखंड प्रेम, भक्ति और समर्पण बना रहना चाहिए।

माता कुंती के प्रसंग से समझाया भक्ति का महत्व

महाराज श्री ने माता कुंती और भगवान श्रीकृष्ण के संवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि जब भगवान ने उनसे वरदान मांगने को कहा, तब माता कुंती ने विपत्तियों की कामना की ताकि प्रत्येक कठिन समय में उन्हें भगवान का स्मरण होता रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रसंग का संदेश यही है कि मनुष्य कभी भी भगवान को न भूले और निरंतर हरिनाम जप करता रहे।

हरिनाम संकीर्तन से मिलता है आध्यात्मिक आनंद

उन्होंने कहा कि प्रत्येक सांस के साथ भगवान का नाम स्मरण करना चाहिए। हरिनाम संकीर्तन से मन को शांति, जीवन को सकारात्मक दिशा और आत्मा को परमात्मा से जुड़ने का अवसर प्राप्त होता है। भगवान का नाम ही कलियुग में सबसे सरल और प्रभावी साधना है।

श्रद्धालुओं ने किया पूजन और कथा श्रवण

कथा के दौरान योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण, नवग्रह, गणपति एवं मां नर्मदा का विधिवत पूजन किया गया। मुख्य यजमानों में श्रीमती आशालता गुप्ता (राकेश, सुरेश एवं रवि गुप्ता), रामलखन परोहा, रमेश कुमार कोरी, विद्यादेवी साहू, राजेन्द्र कुमार, सरोज मिश्रा (सिहोरा), ओंकार पटेल, वीरेंद्र पटेल, रम्मू प्रसाद पटेल, प्रभुदयाल पटेल, शिवांश, स्नेहलता मिश्रा, आशीष व्यौहार, मीना बाई, गीता चौकसे, मोहनलाल कोरी, मनोज विश्वकर्मा, रामसेवक पटेल, मीरा मिश्रा, भगवान दास पटेल, देवकी तिवारी, माधुरी ठाकुर, सुमन साहू, लक्ष्मी कुलस्ते, श्यामा राय, राजकुमारी लामी एवं चन्द्रमणि लोधी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Back to top button