
जबलपुर। श्रावण मास के पावन अवसर पर आज गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में भगवान गुप्तेश्वर महादेव का दिव्य “गणेश श्रृंगार” अत्यंत श्रद्धा एवं भव्यता के साथ किया गया। भगवान के इस मनोहारी स्वरूप के दर्शन के लिए प्रातः से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। संपूर्ण मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों, विद्युत सज्जा एवं पारंपरिक अलंकरण से सजाया गया, जिससे वातावरण पूर्णतः शिवमय एवं भक्तिमय हो उठा।
महाआरती के साथ सावन महोत्सव का शुभारंभ
गुप्तेश्वर पीठाधीश्वर पूज्य डॉ. स्वामी मुकुंद दास जी महाराज द्वारा सायंकालीन महाआरती संपन्न कर 30 दिवसीय सावन महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया। महाआरती के पश्चात आगामी शाही सवारी यात्रा के निमंत्रण स्वरूप भगवान गुप्तेश्वर महादेव को शाही सवारी का आमंत्रण-पत्र (कार्ड) अर्पित किया गया तथा महोत्सव के सफल आयोजन हेतु मंगलकामना की गई।
श्रावण मास शिव आराधना का सर्वश्रेष्ठ अवसर
पूज्य महाराज श्री ने अपने आशीर्वचन में कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का सर्वश्रेष्ठ अवसर है। इस पूरे माह विभिन्न दिव्य श्रृंगार, धार्मिक अनुष्ठान एवं भक्तिमय कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं को शिवभक्ति से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
विशेष रूप से उपस्थित रहे श्रद्धालु
आज के आयोजन में कमलेश अग्रवाल जी, एड. राजेश तिवारी जी, सुषमा केसरवानी जी, सर्वेश रजक जी एवं मनप्रीत बाजवा जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सावन महोत्सव में शामिल होने का आग्रह
गुप्तेश्वर सेवा समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे सावन माह के दौरान प्रतिदिन होने वाले दिव्य श्रृंगार, महाआरती एवं धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान गुप्तेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करें।
रिपोर्ट: विध्येश भापकर