
विनय सिंह परिहार
पवई/पन्ना। बारिश के मौसम में चांदा सिल्वर फॉल का नजारा इन दिनों बेहद खूबसूरत हो गया है। झरने में पानी का प्रवाह बढ़ने के साथ बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं, लेकिन यही खूबसूरती अब हादसे के खतरे में बदलती नजर आ रही है। सामने आई तस्वीरों में पर्यटक तेज बहाव के बीच चट्टानों पर खड़े होकर झरने का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं।
झरने की चट्टानें पानी के कारण लगातार फिसलन भरी बनी हुई हैं। इसके बावजूद कई लोग बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के झरने के ठीक नीचे और तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंच रहे हैं। जरा सी चूक या पैर फिसलने पर पर्यटक सीधे गहरे पानी या चट्टानों के बीच जा सकते हैं।
न बैरिकेडिंग, न रोकने वाला कोई जिम्मेदार
पर्यटन स्थल पर जोखिम वाले स्थानों को चिन्हित कर पर्यटकों को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से स्थिति चिंताजनक है। बारिश के दौरान अचानक जलस्तर और बहाव बढ़ने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में झरने के बीच चट्टानों पर खड़े होकर फोटो और वीडियो बनाना जानलेवा साबित हो सकता है।
प्रशासन को तत्काल करनी चाहिए सुरक्षा व्यवस्था
स्थानीय लोगों का कहना है कि चांदा सिल्वर फॉल में बारिश के दौरान पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और जलप्रवाह बढ़ने पर पर्यटकों के प्रवेश पर रोक जरूरी है।
पुलिस कर रही निगरानी, लगाए गए निर्देशात्मक बोर्ड
इस संबंध में पवई थाना प्रभारी सुशील अहिरवार ने कहा, “सिल्वर फाल में सुरक्षा की दृष्टि से निर्देशात्मक बोर्ड लगाए हैं जिससे लोग ज्यादा करीब ना जा सके। इसके अलावा समय-समय पर मौके पर जाकर निगरानी भी पुलिस द्वारा की जाती है।”