
उज्जैन। नागपंचमी के अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर परिसर स्थित प्रसिद्ध नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट 24 घंटे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुले रहेंगे। इस बार विशेष दर्शन की व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को ऑनलाइन स्लॉट बुक करने की सुविधा दी गई है।
मंदिर में शीघ्र दर्शन के लिए ऑनलाइन बुकिंग नागपंचमी से तीन दिन पहले शुरू कर दी गई है। श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार उपलब्ध स्लॉट का चयन कर सकते हैं। शीघ्र दर्शन के लिए 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है और पूरे दिन के लिए अलग-अलग समय के 11 स्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं।
16 अगस्त की रात 12 बजे खुलेंगे नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट
मंदिर की तीसरी मंजिल पर स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट 16 अगस्त की रात 12 बजे खोले जाएंगे। इसी दिन श्रावण मास का तीसरा सोमवार होने के कारण महाकाल की सवारी भी निकलेगी। ऐसे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना है।
वेबसाइट पर मोबाइल नंबर दर्ज कर करें बुकिंग
शीघ्र दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को महाकाल मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट shrimahakaleshwar.mp.gov.in पर मोबाइल नंबर दर्ज कर पासवर्ड बनाना होगा। इसके बाद रात 12 बजे से अगले 24 घंटे के लिए उपलब्ध अलग-अलग समय के स्लॉट दिखाई देंगे। श्रद्धालु अपनी सुविधा के मुताबिक स्लॉट चुनकर बुकिंग कर सकेंगे।
बुकिंग की सुविधा पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होगी। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित समय और प्रवेश व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
गेट नंबर-5 से मिलेगा प्रवेश
शीघ्र दर्शन के लिए जारी टिकट का प्रिंट आउट साथ लाना अनिवार्य रहेगा। मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया के अनुसार, शीघ्र दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का प्रवेश हरसिद्धि पाल से बड़े गणेश मंदिर की गली होते हुए गेट नंबर-5 से निर्धारित किया गया है।
मंदिर परिसर में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित
मंदिर परिसर में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं से कहा गया है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही टिकट बुक करें और किसी अनधिकृत व्यक्ति के संपर्क में आकर टिकट न लें।