झुमका खींचने वाला गिरोह गिरफ्तार, अधारताल पुलिस ने चार आरोपितों को दबोचा

जबलपुर। महिलाओं के झुमके खींचकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपितों को अधारताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूट का माल भी बरामद किया है। अधारताल सहित शहर के कई क्षेत्रों में महिलाओं के साथ झुमके खींचने की लगातार घटनाएं सामने आ रही थीं।

पुलिस जांच में पता चला कि तीन युवक बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर महिलाओं के झुमके लूटते थे, जबकि चौथा आरोपित लूटे गए माल को ठिकाने लगाने का काम करता था। अधारताल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को पकड़ने के बाद लूट का माल बरामद किया है तथा गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी है।

महिलाओं में समाया भय

पीड़ित महिलाओं का कहना है कि हाईवे और सुनसान मार्गों पर पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग नहीं होने से बदमाश आसानी से वारदात को अंजाम देकर बाइक से फरार हो जाते हैं। झुमके खींचने के दौरान कई महिलाओं के कान गंभीर रूप से घायल हो गए। कई मामलों में कान फट जाने के कारण पीड़िताओं को तत्काल अस्पताल ले जाना पड़ा। लगातार हो रही घटनाओं से महिलाओं में भय का माहौल बना हुआ है।

बढ़ रही हैं झपटमारी की घटनाएं

शहर में चेन स्नेचिंग और झुमके खींचने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसके अलावा सड़क पर पैदल चलते समय मोबाइल पर बात कर रहे लोगों को भी बाइक सवार बदमाश निशाना बना रहे हैं। मोबाइल छीनकर फरार होने की घटनाओं ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

अन्य लुटेरों तक पहुंचने में मिलेगी मदद

पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और झपटमारी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। उम्मीद है कि इस कार्रवाई के बाद शहर में झुमके और चेन लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

Back to top button