
जबलपुर। बरगी बांध की दायीं तट की नहर क्षतिग्रस्त होने से आसपास के खेतों में पानी भर गया है। हालांकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
मरम्मत का कार्य सोमवार से
जबलपुर अनुभाग के अंतर्गत बरगी परिक्षेत्र के ग्राम सगड़ा-झपनी के पास बरगी बांध की नहर के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य सोमवार की सुबह से प्रारंभ कर दिया जायेगा। फिलहाल स्थिति सामान्य है और प्रशासन लगातार इस पर नजर बनाये हुये है। प्रशासन, पुलिस तथा बरगी बांध प्रशासन के अधिकारी अभी भी मौके पर मौजूद हैं।
नहर के सभी गेट खोले गए
बरगी बांध के दाईं तट नहर के आर डी 6.94 किलोमीटर स्थित नर्रई एक्वाडक्ट के अपस्ट्रीम के दाहिने भाग के ट्रांजिशन कर्व के आज रविवार की दोपहर लगभग 12 बजे क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही प्रशासन द्वारा बांध से पानी की निकासी तुरंत रुकवा दी गई थी तथा क्षतिग्रस्त हिस्से से आगे के नहर के सभी गेट भी खोल दिये गये थे।
इस वजह से हालात पर जल्दी काबू पा लिया गया। शाम तक नहर के क्षतिग्रस्त हिस्से की तलहटी दिखाई देने लगी थी।
प्रशासनिक अधिकारियों का यह है कहना
नहर क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुँच गये थे। अनुविभागीय राजस्व अधिकारी जबलपुर अभिषेक सिंह एवं बरगी बांध की दाईं तट नहर की कार्यपालन यंत्री श्रद्धा बंसोडकर के मुताबिक बांध से दाईं तट नहर में पानी की निकासी तुरंत बंद करा देने से शाम तक स्थिति लगभग सामान्य हो गई थी।
नहर के क्षतिग्रस्त हिस्से से पानी का अधिकतम बहाव नर्रई नाला से होने से भी हालात पर काबू पाने में काफी मदद मिली। शाम तक नर्रई नाला के निचले क्षेत्र में भरा पानी भी उतरने लगा था।
एसडीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि नहर के क्षतिग्रस्त होने से सगड़ा-झपनी, बम्हनोदा, रोसरा, चारघाट, पिपरियाकला और घाना के कुछ हिस्से प्रभावित हुये थे, लेकिन कहीं भी बाढ़ की स्थिति नहीं बनी। किसी भी घर में पानी नहीं भरा और कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही तुरंत मुनादी करा कर लोगों को सतर्क कर दिया गया था।
कार्यपालन यंत्री दाईं तट नहर श्रद्धा बंसोडकर के मुताबिक बरगी बांध की दाईं तट नहर के क्षतिग्रस्त इस हिस्से की मरम्मत का कार्य कल सोमवार की सुबह से प्रारंभ कर दिया जायेगा। मरम्मत कार्य के लिये आवश्यक मशीनरी और सामग्री मौके पर पहुंचाई जा चुकी है।