
जबलपुर के बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना की उच्चस्तरीय कमेटी द्वारा जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री स्वयं जबलपुर पहुंचे और हादसे में मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
28 लोगों को बचाया गया, 9 पर्यटकों की मौत
मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में अब तक 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 9 पर्यटकों की दुखद मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है और राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
श्रमिकों और रेस्क्यू टीम का सराहनीय योगदान
सीएम ने बताया कि घटनास्थल के पास जल जीवन मिशन के तहत कार्य कर रहे श्रमिकों ने तत्परता दिखाते हुए कई लोगों की जान बचाई। इसके साथ ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने भी राहत कार्य में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे सभी लोगों का सम्मान किया जाएगा।
तीन बिंदुओं पर होगी विस्तृत जांच
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जांच कमेटी तीन मुख्य बिंदुओं पर कार्य करेगी। इसमें दुर्घटना के कारणों की जांच, उस समय की परिस्थितियों का विश्लेषण और क्रूज संचालन से जुड़े सभी नियमों व अधिनियमों के पालन की समीक्षा शामिल होगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मृतकों के परिजनों से मिलकर जताई संवेदनाएं
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने साउथ सिविल लाइन स्थित भसीन रेसिडेंसी में सैयद रियाज हुसैन के निवास पहुंचकर उनकी पत्नी रेशमा सैयद के निधन पर शोक व्यक्त किया और परिवार को ढांढस बंधाया। इसके अलावा उन्होंने नीतू सोनी के निवास पहुंचकर भी परिजनों से मुलाकात की और संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, विधायक अशोक रोहाणी, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रदेश में क्रूज संचालन पर अस्थायी रोक
पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने घोषणा की है कि प्रदेश में फिलहाल सभी क्रूज संचालन पर रोक लगा दी गई है। प्रदेश के सभी पर्यटन स्थलों पर संचालित क्रूज की तकनीकी जांच की जाएगी और जांच पूरी होने के बाद ही संचालन फिर से शुरू किया जाएगा।