
जबलपुर। आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक सोमवार को आयोजित हुई। बैठक में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजकुमार खुराना ने कहा कि नगरीय निकाय चुनावों के पहले बूथ मजबूत करने में कार्यकर्ता जुटें।
संगठनात्मक गतिविधियों की हुई समीक्षा
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, वार्ड एवं ग्राम समितियों के सत्यापन तथा पार्टी की संपत्तियों के संरक्षण जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
घर-घर संपर्क अभियान चलाने का आह्वान
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजकुमार खुराना ने कहा कि नगरीय चुनाव का समय नजदीक है। ऐसे में सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर संपर्क अभियान चलाकर बूथों को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता सबसे महत्वपूर्ण है।
जल्द बनेगा कांग्रेस का अपना कार्यालय
बैठक में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सहयोग से जल्द ही पार्टी का अपना भव्य कार्यालय बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मिलकर कार्य करना होगा।
विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर हुई चर्चा
बैठक की अध्यक्षता शहर कांग्रेस प्रभारी राजकुमार खुराना एवं ग्रामीण कांग्रेस प्रभारी रजनीश सिंह ने की। इस दौरान पार्टी की संपत्तियों एवं भवनों का सत्यापन, वार्ड और ग्राम समितियों का पुनर्गठन, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) सत्यापन तथा संगठनात्मक अनुशासन सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
ये रहे उपस्थित
बैठक में ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संजय यादव, पूर्व मंत्री एवं विधायक लखन घंघोरिया, पूर्व विधायक विनय सक्सेना, आलोक मिश्रा, अभिनव डीमोले, यतींद्र हीरा चौकसे, राकेश तिवारी, कौशल्या गोटिया सहित शहर और ग्रामीण कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं समन्वय समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
“`