
जबलपुर। मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन की ओर से मंगलवार को जबलपुर शहर संभागीय कार्यालय के पुराने पावर हाउस परिसर में आमसभा आयोजित की गई। इसमें विद्युत क्षेत्र में कार्यरत संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ नियमित कर्मचारियों तथा पेंशनर्स की समस्याओं को लेकर चर्चा हुई। कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों के निराकरण के लिए संगठन की ओर से विभिन्न मांगें भी रखी गईं।
संविदा कर्मचारियों को नियमित सेवा का लाभ देने की मांग
फेडरेशन के महामंत्री राकेश डीपी पाठक ने कहा कि परीक्षा के जरिए विद्युत कंपनियों में नियुक्त किए गए संविदा कर्मचारियों को नियमित सेवा का लाभ दिया जाना चाहिए। उन्होंने आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए भर्ती प्रक्रिया में 50 प्रतिशत आरक्षण निर्धारित करने और उन्हें नियमित नियुक्ति का अवसर उपलब्ध कराने की मांग की।
अनुकंपा नियुक्ति का मुद्दा भी उठा
आमसभा में अनुकंपा नियुक्ति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने मांग की कि वर्ष 2012 से पहले विद्युत मंडल एवं बिजली कंपनियों में सेवा के दौरान जिन कर्मचारियों का निधन हुआ, उनके पात्र आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति दी जाए। इसके साथ ही अनुकंपा आश्रितों की नियमित नियुक्ति के लिए सीपीसीटी से छूट संबंधी आदेश जल्द जारी करने की मांग की गई।
पदोन्नति और पेंशन संबंधी लंबित मामलों पर चर्चा
बैठक में पदोन्नति से वंचित कर्मचारियों को अवसर देने तथा नियमित कर्मचारियों और पेंशनर्स के लंबित महंगाई भत्ते, महंगाई राहत एवं परिवार पेंशन राहत से संबंधित आदेश जारी करने की मांग भी रखी गई।
कर्मचारियों से एकजुट रहने का आह्वान
जबलपुर पूर्व क्षेत्र के अध्यक्ष संजय सिंह ने संगठन के साथ आगे भी कर्मचारियों के हित में काम करने की बात कही। दिनेश दुबे और उमाशंकर दुबे ने कर्मचारियों से एकजुट होकर फेडरेशन को मजबूत करने का आह्वान किया।
पदाधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
इस दौरान राजेश मिश्रा, मोहित पटेल, योगेश पटेल, अक्षय श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।