
पन्ना। अंतरराष्ट्रीय MSME दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम “उद्यमी मध्यप्रदेश 2026” में पन्ना की Nainaas Kitchen Pvt. Ltd. की प्रीमियम ब्रांड Foresta Origins ने अपनी प्रभावशाली भागीदारी दर्ज कराई।
पन्ना के नवाचारपूर्ण उत्पादों ने खींचा ध्यान
कार्यक्रम में पन्ना से उद्यमी राजकमल शर्मा ने अपनी कंपनी का प्रतिनिधित्व करते हुए प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित नवाचारपूर्ण एवं मूल्य संवर्धित उत्पादों का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में कंपनी द्वारा आंवला हनी स्प्रेड चॉकलेट, गार्लिक हनी, महुआ इन्फ्यूज्ड हनी तथा चिरौंजी केसर हनी स्प्रेड जैसे विशेष उत्पाद प्रस्तुत किए गए, जिन्हें आगंतुकों और विभिन्न उद्योग प्रतिनिधियों ने सराहा।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हुए कई महत्वपूर्ण आयोजन
27 जून 2026 को आयोजित इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री एवं MSME मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान Buyer-Seller Meet, Vendor Development Programme, Export Promotion Session, Finance Session तथा Grand Exhibition जैसे महत्वपूर्ण आयोजन हुए, जिनमें प्रदेशभर के उद्यमियों ने भाग लिया।
पन्ना की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर दिलाने का प्रयास
राजकमल शर्मा ने बताया कि Foresta Origins का उद्देश्य केवल उत्पादों का विपणन करना नहीं, बल्कि पन्ना की प्राकृतिक विरासत, स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक फूड इनोवेशन के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी कंपनी की नहीं, बल्कि पूरे पन्ना जिले के लिए गर्व का विषय है।
MSME विभाग के सहयोग के लिए जताया आभार
राजकमल शर्मा ने इस अवसर पर MSME मध्यप्रदेश एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, पन्ना के मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्राहकों का विश्वास और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा