
जबलपुर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को जबलपुर में विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता टाउन हाल में एकत्र हुए।
टाउन हाल से जिला निर्वाचन कार्यालय तक पैदल मार्च
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टाउन हाल से जिला निर्वाचन कार्यालय तक पैदल मार्च किया। रास्ते में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के बाहर पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया।
लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर
ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों के बीच पारदर्शिता और निष्पक्षता का भरोसा कायम रहना चाहिए। कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अपनी आवाज आगे भी उठाती रहेगी।
शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखने की बात
उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में सौरभ शर्मा, लखन घनघोरिया, तरुण भानोट, विनय सक्सेना, राधेश्याम चौबे, वीरेंद्र चौबे, रूपेंद्र पटेल, सम्मति सेनी, दिनेश यादव, विनोद श्रीवास्तव, कौशल्या गोटिया, अंजू बघेल, प्रियंका सोनी, अर्चना दहिया, कमलेश यादव, सुनीता मिश्रा, रुक्मणी गोटिया, राजेश तिवारी, विक्रम सिंह, चतुर सिंह लोधी, बबुआ शुक्ला, मदन लारिया, फिरोज खान, रामकुमार सैयाम, रामेश्वर गिरी, सोनू दुबे और दुर्जन सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।