
जबलपुर। नाम संकीर्तन जहां हृदय में वास करने वाले प्रभु की आराधना का माध्यम है, वहीं यह युवाओं को समाज और संस्कृति से जोड़कर भक्ति मार्ग से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करता है। श्री चैतन्य महाप्रभु जयंती महोत्सव के अंतर्गत आयोजित हरिनाम संकीर्तन में युवाओं का विशेष उत्साह देखने को मिला।

भक्ति गीतों से गूंजा शहर
संकीर्तन के दौरान “हरे कृष्ण हरे कृष्ण, हरे राम राम रामा”, “होली खेल रहे बांके बिहारी आज रंग बरस रहा”, “राम राम राम रामा जय सीतारामा”, “राधे राधे गोविन्द गोविन्द राधे”, “आज ब्रज में होरी रे रसिया”, “होरी खेलन आयो नंदलाल राधा संग सखियों से”, “सीताराम सीताराम सीताराम कहिए”, “गोपाला गोपाला मुरली मनोहर नंदलाला” जैसे भजनों की स्वर लहरियां वातावरण को भक्तिमय बनाती रहीं।

प्रभात फेरी से जागी सनातन संस्कृति की अलख
सुबह 6 बजे से गोपाल बाग, दीक्षित पुरा, चेरीताल तथा दमोह नाका की गलियों में प्रभात फेरी निकाली गई। ढोलक, मंजीरे और झांझ की धुन पर रसिक भक्त वृंद नाचते-गाते हरिनाम जाप करते हुए गली-गली सनातन संस्कृति की अलख जगाते रहे। छतों और अटारियों से महिलाओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
लड्डू गोपाल की हुई पुष्प वर्षा और आरती
रथ पर विराजित भगवान श्री लड्डू गोपाल विग्रह का जगह-जगह पुष्प वर्षा, आरती और स्वागत किया गया। भक्तों ने आरती उतारकर प्रसाद वितरण किया तथा फूलों की होली खेलते हुए श्री चैतन्य महाप्रभु की पूजा-अर्चना की।
संकीर्तन मंडलियों की रही सक्रिय भागीदारी
श्री चैतन्य महाप्रभु संकीर्तन मंडल मिलौनीगंज एवं श्रीराधा नाम संकीर्तन मंडल की मंडलियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर संतोष अग्रहरि, सत्य प्रकाश सराफ, अभिनव उपाध्याय, नितिन अग्रवाल, खुशाल कक्का, अंकुर अग्रहरि, दीपक सोनी, उमेश अग्रहरि, अनिल रैकवार, डॉ. सुधीर स्वामी, पवन साहू, श्याम गुप्ता, नवदीप पटवा, अमर सिंह ठाकुर, विध्येश भापकर, सुधांशु परेता, सुरेन्द्र पांडे, ब्रजेश अग्रहरि, अनमोल यादव, रंजीत राय, अनिल आचार्य, मनोज सेन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आज निकलेगी भव्य शोभायात्रा
श्री चैतन्य महाप्रभु जन्मोत्सव फाल्गुन पूर्णिमा के अवसर पर 2-03-26 को दोपहर 4 बजे से श्री गोपाललाल जी महाराज मंदिर हनुमान ताल से शोभायात्रा प्रारंभ होगी। यह मिलौनीगंज, बड़ा फुहारा, पान दरीबा, दीक्षित पुरा, तमरहाई मार्ग से होते हुए कटरा वाले हनुमान जी महाराज मंदिर में समापन होगी।