
हटा। सागर लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को हटा विद्युत विभाग में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता (जेई) राजेश सहाय को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई फरियादी इंद्रकुमार पटेल की शिकायत के आधार पर की गई।
वाटर प्लांट निरीक्षण और लोड बढ़ाने के नाम पर मांगी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, फरियादी इंद्रकुमार पटेल के वाटर प्लांट के निरीक्षण एवं बिजली मीटर का लोड बढ़ाने के एवज में जेई राजेश सहाय द्वारा 7 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए।
पहली किश्त लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया
लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 2 हजार रुपये लेते समय आरोपी जेई को हटा विद्युत कार्यालय में रंगे हाथों पकड़ लिया।
आउटसोर्स कर्मचारी भी बनाया गया सह-आरोपी
कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त पुलिस ने विद्युत विभाग के एक आउटसोर्स कर्मचारी को भी सह-आरोपी बनाया है। मामले में दोनों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है और अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
निरीक्षक रंजीत सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
लोकायुक्त टीम का नेतृत्व निरीक्षक रंजीत सिंह ने किया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पूरे मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा।
रिपोर्ट: जिमी नगरिया