दमोह के हिनोता कला में चोर गिरोह की दस्तक, कई घरों के ताले टूटे, दो घरों में लाखों की चोरी

हटा। गैसाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम हिनोता कला में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने कई घरों को निशाना बनाकर दहशत फैला दी। चोरों ने गांव के 4 से 5 घरों के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया, जबकि दो घरों से नकदी और जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है।

दो घरों से नकदी और जेवरात ले गए चोर

जानकारी के अनुसार चोरों ने सबसे पहले अमित पटेल के घर को निशाना बनाया। घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखी नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। इसके बाद नरेश सेन के घर का ताला तोड़कर करीब 35 से 40 हजार रुपये नकद तथा सोने की बाली चोरी कर ली।

एक लाख से अधिक का नुकसान

पीड़ित परिवारों के अनुसार दोनों घरों से हुई चोरी में कुल नुकसान लगभग एक लाख से सवा लाख रुपये के बीच बताया जा रहा है। वहीं चोरों ने गांव के अन्य कई घरों के ताले भी तोड़े, लेकिन वहां चोरी करने में सफल नहीं हो सके।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार गैसाबाद थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। सोमवार सुबह पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर घटनास्थलों का निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों में दहशत, गश्त बढ़ाने की मांग

एक ही रात में कई घरों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोर गिरोह सक्रिय है और लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

जल्द आरोपियों को पकड़ने का दावा

गैसाबाद पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

रिपोर्ट : जिमी नगरिया

Back to top button